नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के इस घने बादलों के बीच अब चक्रवर्ती तूफ़ान भी देश पर अपना कहर बरसा रहा है। वहीं हाल ही में देश में "ताउते तूफान" ने तबाही मचाई थी जिसके बाद अब "यास तूफान" का खतरा मंडरा रहा है। आपको बता दें कि, साइक्लोन यास तेजी से ओडिशा के दक्षिण में बालासोर के पास बढ़ रहा है। इसके साथ ही चक्रवाती तूफान यास का लैंडफॉल का आक्रमण भी जारी है। आशंका जताई जा रही है कि, भीषण चक्रवाती तूफान यास के ओडिशा के धामरा में आज सुबह 11 बजे के आस-पास टकरा सकता है। वहीं तूफान के तांडव को मद्देनजर रखते हुए कई राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
130-140 किमी से चलेगी हवाएं
वहीं मौसम विभाग (IMD) की माने तो, यास नाम का ये तूफान गंभीर चक्रवाती तूफान जब तट से अगर टकराएगा तो उस दौरान 130-140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार सुबह करीब 9 बजे लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिसके बाद अब 11 बजे के आस-पास धामरा में टकराने की आशंका है।
फ्लाइट्स स्थगित, ट्रेनें हुई रद्द
आपको बता दें कि, ओडिशा और बंगाल के तटीय इलाकों में बारिश जारी है। यास चक्रवात तूफान की वजह से खराब हुए मौसम के कारण कोलकाता एयरपोर्ट से आज सुबह 8:30 बजे से उड़ने वाली फ्लाइट्स को शाम 7:45 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही भुवनेश्वर एयरपोर्ट कल रात से बंद है। वहीं दूसरी ओर भारतीय रेलवे ने ओडिशा-बंगाल की सभी ट्रेनों को रद्द कर दिया है। तूफान के कहर को देखते हुए बिहार एवं झारखंड की भी कई ट्रेनें रद्द की गई हैं।
ओडिशा के ये इलाके हो सकते है प्रभावित
आपको बता दें कि, ओडिशा के केंद्रपाड़ा, भद्रक, जगतसिंहपुर, बालासोर, मयूरभंज सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते है। इसके साथ ही बालासोर में तूफान से पहले से मौसम खराब चल रहा है। "यास तूफान" के खतरे को देखते हुए समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजा जा चूका है। साथ ही एनडीआरएफ की टीमें भी स्थानीय लोगों को तूफान के खतरे से आगाह कर रही है।
इन राज्यों पर पड़ेगा असर
यास तूफान की वजह से पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 3 दिन भारी से बहुत भारी बारिश की संभावनाएं है। जबकि झारखंड में बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार और बिहार के कई इलाकों में गुरुवार को बारिश के आसार हैं। साथ ही मौसम विभाग (IMD) ने असम और मेघालय में भी 26-27 मई को कई जगह पर हल्की बारिश की संभावनाएं जताई है। इसी तरह दक्षिण में उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।