भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। 650 से अधिक जिलों में 80,000 से अधिक स्टार्टअप, और 330 बिलियन डॉलर से अधिक मूल्य के 100 से अधिक यूनिकॉर्न। ईरानी के अनुसार, यह युवाओं के लिए एक स्पष्ट संकेत है कि उद्यमिता के क्षेत्र में भारत किस तरह आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत के स्टार्टअप आज केवल महानगरों या बड़े शहरों तक ही सीमित नहीं हैं। 49 प्रतिशत स्टार्टअप टियर-2 और टियर-3 शहरों से हैं। ईरानी ने कहा कि भारत वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष देशों में से एक है। ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (GII) की वैश्विक रैंकिंग में भारत वर्ष, 2015 के 81वें स्थान पर था, लेकिन वर्ष, 2021 में 46वें स्थान पर पहुंच गया।
भारत 34 निम्न मध्यम-आय वाली अर्थव्यवस्थाओं में दूसरे स्थान पर है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारतीय स्टार्टअप में सात अरब डालर का निवेश किया गया। यह पिछले साल की समान अवधि के 10 अरब डालर से कम है।
ईरानी ने कहा कि आइटी, कृषि, एविएशन, शिक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्र में स्टार्टअप्स को उभरते देख रहे हैं। टेक्नोलॉजी ट्रांजैक्शन के सबसे आकर्षक निवेश स्थानों में विश्व भर में भारत का स्थान तीसरा है क्योंकि इसका फोकस साइंस और टेक्नोलॉजी पर है।